Odisha News: ओडिशा के मयूरभंज में चक्रवाती तूफान से लगभग 200 घर तबाह, हवा में उड़ी गाड़ियां; दो की मौत, 10 घायल।
ओडिशा के मयूरभंज में रविवार का दिन तबाही लेकर आया। शाम करीब 4 बजे अचानक आए भीषण ‘कालबैशाखी’ (नॉरवेस्टर) तूफान ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि देखते ही देखते लगभग 200 घर मलबे में तब्दील हो गए। इस दर्दनाक प्राकृतिक आपदा में दो लोगों की जान चली गई। वहीं, NH-220 के पास आए इस बवंडर ने मयूरभंज के कई गांवों का मंजर बिल्कुल भयावह कर दिया।
तूफान का असर इतना भयावह था कि किआ और कंकड़ा जैसे गांवों में तबाही के निशान हर तरफ दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, हवा का दबाव इतना अधिक था कि सड़क पर खड़े ऑटो रिक्शा और स्कूटर खिलौनों की तरह हवा में उड़ने लगे। कुदरत के इस भयावह नजारे में लगभग 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें केओंझार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, दर्जनों अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। बिजली के खंभे और सैकड़ों पेड़ उखड़ने की वजह से कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा।
