उद्धव ठाकरे को ऑपरेशन टाइगर का डर, सांसदों संग की मातोश्री में बैठक कर दूर की नाराजगी।
ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चा के बीच उद्धव ठाकरे अपने सांसदों को साधने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में उन्होंने रविवार को अपने निवास ‘मातोश्री’ पर पार्टी सांसदों की बैठक बुलाई। बैठक में नाराज सांसदों को समझाने और उनके गिले-शिकवे दूर करने की कोशिश की गई। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे से मुलाकात न हो पाने को लेकर नाराज सांसदों से सीधे बातचीत कर डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की गई। बैठक में उद्धव ठाकरे के साथ युवा सेना प्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे, सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई, राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी, ओमराजे निंबालकर, नागेश पाटील-आष्टीकर, संजय दीना पाटील, राजाभाऊ वाजे, संजय देशमुख और भाऊसाहेब वाकचौरे मौजूद थे।
उद्धव सेना के एक नेता ने बताया कि सांसदों से कहा गया कि ‘मातोश्री’ के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले है। किसी भी मुद्दे को वे सीधे या अन्य नेताओं के माध्यम से उद्धव ठाकरे तक पहुंचा सकते है। उद्धव और आदित्य से मिलने के बाद सभी सांसदों के गीले-शिकवे दूर हो गए।
